मानिकपुर पुलिस की कार्रवाई, दो मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार

मारपीट, हंगामा और शांति भंग करने वालों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, न्यायालय में किया पेश

कोरबा। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।

पहला मामला मानिकपुर क्षेत्र का है, जहां ओम प्रकाश लहरे ने 15 जुलाई को नितेश चौहान और आरिफ खान के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, शिकायत के संबंध में जानकारी लेने पहुंचे ओम प्रकाश से नितेश चौहान, आरिफ खान, अरुण चौहान और फैजान खान उर्फ फिज्जू ने रिपोर्ट दर्ज कराने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बीच-बचाव किया, लेकिन आरोपी पुलिस से भी उलझ गए।

क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नितेश चौहान (21), आरिफ खान (21), अरुण चौहान (20) और फैजान खान उर्फ फिज्जू (19) शामिल हैं।

दूसरे मामले में न्यू रेलवे कॉलोनी निवासी रमुला यादव और शामीन बाई ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर के सामने शैलेश खड़िया, दुर्गेश साहू और श्रवण कुमार पटेल देर रात हल्ला-गुल्ला कर रहे थे। विरोध करने पर तीनों ने महिलाओं से विवाद करते हुए धमकी दी, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

शिकायत के बाद मानिकपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक परमेश्वर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शैलेश खड़िया (24), दुर्गेश साहू (25) और श्रवण कुमार पटेल (20) शामिल हैं।

पुलिस ने सभी सात आरोपियों के विरुद्ध शांति भंग की आशंका को देखते हुए BNS/BNSS की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।