राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग में पदक विजेताओं का सम्मान, उपमुख्यमंत्री अरुण साव बोले- “जो खेलेगा, वो खिलेगा”

कोरबा।छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने डीडीएम रोड स्थित सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं हनुमान चालीसा भेंट कर सम्मानित किया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक जीतकर कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र “जो खेलेगा, वो खिलेगा” आज देशभर के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में बस्तर ओलंपिक, खेल अलंकरण समारोह, उत्कृष्ट खिलाड़ी पुरस्कार और पहली बार सरगुजा ओलंपिक जैसी पहल शुरू की गई हैं।

इस वर्ष के बजट में खेलों के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है तथा जल्द ही प्रदेश में हॉकी लीग का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

संस्कार और खेल दोनों जरूरी : लखन लाल देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करना खिलाड़ियों की प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किकबॉक्सिंग एक चुनौतीपूर्ण खेल है और इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन विशेष उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का विकास केवल खेल तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों से भी जुड़े रहना चाहिए। इसी उद्देश्य से खिलाड़ियों को हनुमान चालीसा भेंट की गई है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, जनप्रतिनिधि, पार्षद, किकबॉक्सिंग समिति के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।