विश्व युवा कौशल दिवस: बालको ने मनाए वेदांता स्किल स्कूल के 15 वर्ष, 15 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण का लक्ष्य

कोरबा। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने विश्व युवा कौशल दिवस 2026 के अवसर पर वेदांता स्किल स्कूल की 15 वर्षों की सफल यात्रा का उत्सव मनाया।

कार्यक्रम में कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की उपलब्धियों को साझा किया गया। इस वर्ष विश्व युवा कौशल दिवस की थीम “साझा भविष्य के लिए कौशल” रही।

बालकोनगर स्थित वेदांता स्किल स्कूल में आयोजित समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों, समुदाय के प्रतिनिधियों, पूर्व एवं वर्तमान प्रशिक्षुओं तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सप्ताहभर आयोजित कार्यक्रमों में वाद-विवाद, कविता लेखन, पोस्टर मेकिंग, इंडोर खेल और एआई वीडियो निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं ने अपनी रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और संवाद क्षमता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। समारोह का विशेष आकर्षण एक पूर्व प्रशिक्षु की वास्तविक जीवन यात्रा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही, जिसमें दिखाया गया कि किस प्रकार कौशल प्रशिक्षण ने उसके जीवन को नई दिशा देते हुए रोजगार और बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया।

40 से अधिक युवाओं को मिला रोजगार
समारोह के दौरान वेल्डिंग एवं मोबाइल रिपेयरिंग ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त 40 से अधिक युवाओं को प्लेसमेंट प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही वेदांता स्किल स्कूल में पीएम सूर्य घर सर्टिफिकेशन एंड स्किल अपग्रेडेशन कोर्स फॉर सोलर पीवी टेक्नीशियन की भी शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम के तहत 100 सोलर पीवी टेक्नीशियनों को एक सप्ताह का कौशल उन्नयन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में प्रत्येक प्रतिभागी को 3,500 रुपये का भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।

15 हजार युवाओं के प्रशिक्षण की ओर बढ़ता स्कूल
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से वेदांता स्किल स्कूल युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बना रहा है।

व्यावहारिक प्रशिक्षण और आत्मविश्वास के साथ युवा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त कर रहे हैं।

वर्ष 2010 में स्थापित वेदांता स्किल स्कूल अब तक 14 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित कर चुका है और इस वर्ष 15 हजार प्रशिक्षुओं का महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल करने की ओर अग्रसर है। स्कूल में वेल्डिंग, इलेक्ट्रिकल, फिटर, सिलाई मशीन संचालन, फूड एंड बेवरेज सर्विस तथा सोलर पीवी इंस्टॉलेशन जैसे रोजगारपरक ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाता है। एनएसडीसी से मान्यता प्राप्त 5-स्टार स्मार्ट सेंटर के रूप में यह संस्थान युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप आधुनिक कौशल प्रदान कर रहा है।

बालको ने दोहराया कि वह कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समावेशी एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।