भागवत कथा में मंत्री देवांगन, बोले नई पीढ़ी में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का बीजारोपण

महापौर संजू देवी राजपूत ने भजन प्रस्तुति से बांधा समां, श्रद्धालु भक्ति रस में हुए सराबोर

कोरबा। सीतामणी चौक में कर्ष परिवार के तत्वावधान में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के पांचवें दिन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन कथा स्थल पहुंचे और व्यासपीठ पर विराजमान तारेंद्र कृष्ण महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर कथा श्रवण किया।

इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन केवल धर्म के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और श्रेष्ठ संस्कारों का बीजारोपण करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण के निर्माण में ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका है। सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने मधुर स्वर में “राधे-राधे चले आएंगे बिहारी” भजन प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में झूम उठा।

कर्ष परिवार एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने मंत्री लखनलाल देवांगन सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर नरेंद्र देवांगन, प्रफुल तिवारी, नरेंद्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव, पार्षद उर्वशी राठौर, परमिला सागर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।