रेल मंत्री को लिखा पत्र, अमृत भारत स्टेशन योजना की तर्ज पर जल्द पूरा हो कोरबा स्टेशन का नवीनीकरण
कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने कोरबा रेलवे स्टेशन की बदहाल स्थिति और वर्षों से अधूरे पड़े नवनीकरण कार्य को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) एवं डीआरएम बिलासपुर को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल को भारी राजस्व देने वाला कोरबा आज भी रेलवे की उपेक्षा का शिकार बना हुआ है।
सांसद ने कहा कि कोरबा रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण कार्य वर्षों पहले शुरू हुआ था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हो सका। निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण प्रतिदिन हजारों यात्रियों को धूल, अव्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ के सरोना, चांपा और बालोद रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप दिया गया है, लेकिन औद्योगिक एवं ऊर्जा नगरी कोरबा के रेलवे स्टेशन की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कोरबा के यात्रियों के साथ यह भेदभाव क्यों किया जा रहा है।
सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि स्टेशन पर यात्रियों के लिए पर्याप्त प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। वर्षों से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य जनता की परेशानी का कारण बना हुआ है।
उन्होंने रेल मंत्री से मांग की है कि कोरबा रेलवे स्टेशन के नवनीकरण कार्य की उच्चस्तरीय समीक्षा कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा समय-सीमा निर्धारित कर इसे जल्द पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे को सर्वाधिक राजस्व देने वाले कोरबा की उपेक्षा जारी रही तो यह क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय होगा।
सांसद ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय कोरबा की लंबे समय से लंबित मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द ठोस निर्णय करेगा, ताकि यात्रियों को आधुनिक और सुविधायुक्त रेलवे स्टेशन का लाभ मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

