रिंग रोड के दावे हवा-हवाई, जाम और हादसों से परेशान लोग बोले,कागजी नहीं, जमीनी कार्रवाई करे प्रशासन
कोरबा। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और रिंग रोड से परिवहन कराने के प्रशासनिक दावों की पोल लगातार खुल रही है। कोयला और राखड़ (फ्लाई एश) से लदे भारी ट्रेलर खुलेआम शहर के मुख्य मार्गों से गुजर रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है और आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हर सुबह स्टेडियम क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट नगर चौक, एसईसीएल मार्ग और रिकाडो मार्ग पर ट्रेलरों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इन भारी वाहनों की वजह से स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और आम नागरिक घंटों जाम में फंसने को मजबूर हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे मरीजों की जान पर भी खतरा मंडराने लगता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए रिंग रोड का विकल्प तय किया है, तो फिर शहर के भीतर इन वाहनों की आवाजाही कैसे हो रही है। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर मौन क्यों है।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई, तो सड़क दुर्घटनाओं, भीषण जाम और प्रदूषण की समस्या और विकराल रूप ले सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि रिंग रोड के नियम का कड़ाई से पालन कराया जाए, शहर में नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले ट्रेलरों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा दोषी वाहन मालिकों पर भारी जुर्माना लगाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

