कोरबा।सीएसईबी की कोरबा वेस्ट परियोजना से निकलने वाली राखड़ को लोतलोता डाइक में डंप किए जाने को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस मामले में अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पाण्डेय पर ग्रामीणों को कथित रूप से धमकाने का आरोप लगाते हुए एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश पंकज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले लोतलोता में राखड़ डंपिंग का ग्रामीणों ने विरोध किया था। उनका कहना था कि वर्ष 1989 में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा और रोजगार आज तक नहीं मिला है। कई वर्षों से संबंधित विभागों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में सीएसईबी अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि इसी दौरान एक अधिकारी ने ग्रामीणों से कहा कि राखड़ डंपिंग हर हाल में होगी और विरोध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और अधिक तूल पकड़ गया है।
एनएसयूआई नेता राकेश पंकज ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने तथा ग्रामीणों की लंबित मांगों विशेषकर मुआवजा और रोजगार का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं,ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक वे अपनी जमीन पर राखड़ डंपिंग का विरोध जारी रखेंगे।अब सभी की निगाहें प्रशासन और शासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

