हर्राडीह में बारिश से टूटा संपर्क, शव वाहन नहीं पहुंच सका; ग्रामीणों ने पक्की सड़क और पुल निर्माण की उठाई मांग
कोरबा। पाली विकासखंड के हर्राडीह गांव में सड़क और पुल के अभाव की दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। सड़क हादसे में ग्रामीण मोतीलाल धनुवार की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों को उनका शव लकड़ी के सहारे कंधों पर रखकर पैदल गांव तक ले जाना पड़ा। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार हर्राडीह गांव तक पहुंचने के लिए न तो पक्की सड़क है और न ही रास्ते में पड़ने वाले नाले पर पुल का निर्माण किया गया है। लगातार बारिश के कारण नाला उफान पर था, जिससे शव वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका।
मजबूर होकर ग्रामीणों ने शव को कंधों पर उठाकर पैदल गांव पहुंचाया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि वर्षों से सड़क और पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के दिनों में गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता है, जिससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं और अन्य जरूरतमंद लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने हर्राडीह तक शीघ्र पक्की सड़क और नाले पर पुल निर्माण की मांग करते हुए कहा कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें बार-बार ऐसी कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

