टीम चरक ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी, विधवा महिला का कराया पुनर्विवाह

कोरबा-गेवरा-दीपका। सामाजिक सरोकार का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए टीम चरक धर्म संवाहक एवं मातृ शक्ति ने एक निर्धन विधवा महिला का पुनर्विवाह कराकर उसे नई जिंदगी की सौगात दी। संगठन ने अभिभावक की भूमिका निभाते हुए विवाह की संपूर्ण जिम्मेदारी उठाई और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सभी पारंपरिक रस्में संपन्न कराईं।

जानकारी के अनुसार राजीव नगर झाबर निवासी सोनी देवी पति के निधन के बाद अपने छोटे पुत्र के साथ बहनों के घर रहकर कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही थीं।

माता-पिता का साया नहीं होने के कारण उनका जीवन संघर्षपूर्ण था। ऐसे में टीम चरक ने दोनों पक्षों की सहमति से स्थानीय निवासी गणेश सिंह के साथ उनका पुनर्विवाह कराने की पहल की।

विवाह से पहले सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद सर्वमंगला मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत विवाह संपन्न हुआ। विवाह समारोह में टीम चरक के सदस्यों ने अभिभावक की भूमिका निभाते हुए सभी व्यवस्थाएं संभालीं।

विवाह उपरांत संगठन के सदस्यों ने आपसी सहयोग से नवदंपती को गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया तथा उनके सुखी एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की।

इस अवसर पर सत्य प्रकाश शर्मा, उमा जायसवाल, प्रशांत मिश्रा, मृणाल राय, प्रियांशु देवी, शिखा सोनी सहित टीम चरक धर्म संवाहक एवं मातृ शक्ति के अनेक महिला एवं पुरुष सदस्य उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल को समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला अनुकरणीय प्रयास बताया।