प्रतिबंधित मार्ग पर दौड़ रहे भारी वाहन, हादसे के बाद फिर उठे सुरक्षा पर सवाल

सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराई कार, बाल-बाल बचा बालको कर्मचारी; स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

कोरबा।बालको थाना क्षेत्र के बालको नगर स्थित मिनीमाता स्कूल के समीप हुए सड़क हादसे ने एक बार फिर प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ड्यूटी पर जा रहे एक बालको कर्मचारी की ब्रेजा कार सड़क किनारे खड़े गिट्टी से लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रेलर को अपने कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क किनारे खड़े गिट्टी से लदे ट्रेलर के कारण यह हादसा हुआ।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि जिस मार्ग पर ट्रेलर और अन्य भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध है, वहां भी गिट्टी, रेत और मिट्टी से लदे वाहन दिन-रात बेरोकटोक चल रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

रहवासियों ने बताया कि इसी मार्ग पर मिनीमाता स्कूल, घनी आबादी वाले क्षेत्र और कई महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं।

इसके बावजूद भारी वाहनों का संचालन जारी रहना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल बंद कराने, नियमित निगरानी बढ़ाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

फिलहाल बालको थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं,इस हादसे ने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।