नमिता के निर्देशन में मनाया गया कब-बुलबुल दल प्रवेश उत्सव, बच्चों ने किया पौधरोपण

कोरबा।नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत विकासखंड कोरबा के ग्राम पंचायत कंचादी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का दल प्रवेश उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। प्रधानपाठक एवं फ्लॉक लीडर नमिता श्यामकुंवर कड़वे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बालवाड़ी एवं कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का तिलक लगाकर तथा स्कार्फ पहनाकर कब एवं बुलबुल इकाई में आत्मीय स्वागत किया गया।

दल प्रवेश उत्सव के बाद विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों को स्वच्छता, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा भी दी गई।

प्रधानपाठक नमिता श्यामकुंवर कड़वे ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स बच्चों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की कब-बुलबुल इकाई लंबे समय से सक्रिय है और यहां के विद्यार्थियों ने जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न स्काउट-गाइड गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया है।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।