पुल पर लावारिस मिली बाइक, पास में मोबाइल और आईडी कार्ड बरामद
कोरबा। जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई के पास हसदेव नदी के पुल से एक आरक्षक के छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। पुल पर उसकी बाइक और पास में मोबाइल, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड तथा आधार कार्ड मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरक्षक की तलाश के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया है।
जानकारी के अनुसार, हसदेव नदी के पुल पर आरक्षक की बाइक क्रमांक सीजी 14 एमएक्स 1898 खड़ी मिली। बाइक के पास ही उसका मोबाइल, पर्स, पुलिस पहचान पत्र और आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं। मौके पर मिले सामान के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि आरक्षक ने पुल से नदी में छलांग लगाई है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि नहीं हुई है।
सरगुजा जिले में पदस्थ है आरक्षक
आरक्षक की पहचान 31 वर्षीय सुनील बेक के रूप में हुई है। वह सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तारापुर चौकी में आरक्षक के पद पर पदस्थ बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर मोरगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने संबंधित थाना और चौकी को भी मामले की जानकारी दी है।
आरक्षक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरक्षक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















