वेतन विसंगति समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षक फेडरेशन का विधानसभा घेराव कल

कोरबा।छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन अपनी लंबित मांगों को लेकर 15 जुलाई को रायपुर के तूता मैदान में प्रदेश स्तरीय विधानसभा घेराव करेगा। आंदोलन में कोरबा जिले से भी बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल होंगे।

आंदोलन की तैयारी के तहत फेडरेशन के जिला पदाधिकारियों ने प्रदेश महासचिव तरुण प्रकाश वैष्णव, प्रदेश महामंत्री नोहर चंद्रा एवं विपिन यादव के मार्गदर्शन तथा जिला अध्यक्ष विनोद कुमार साण्डे के नेतृत्व में मंत्री एवं सांसद के प्रतिनिधि को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

जिला अध्यक्ष विनोद कुमार साण्डे ने बताया कि फेडरेशन पिछले आठ वर्षों से शिक्षक एलबी संवर्ग की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्षरत है। कई मांगों पर सरकार ने निर्णय लिया है, लेकिन प्रमुख मांगें आज भी लंबित हैं। इन्हीं लंबित मांगों के निराकरण के लिए प्रदेशव्यापी विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया है।

फेडरेशन की प्रमुख मांगों में सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करना, प्रथम नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता का लाभ देते हुए क्रमोन्नति एवं समयमान वेतनमान प्रदान करना, टीईटी की अनिवार्यता समाप्त कर विभागीय परीक्षा के माध्यम से सेवा सुरक्षित करना, वीएसके ऐप के माध्यम से उपस्थिति व्यवस्था समाप्त करना, लंबित पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाना तथा एकल शिक्षकीय विद्यालयों में शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति करना शामिल है।

फेडरेशन का कहना है कि इन मांगों के निराकरण से प्रदेश के हजारों शिक्षकों को राहत मिलेगी और शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।

इस अवसर पर जिला सचिव अशोक राठिया, कार्यकारी जिला अध्यक्ष डॉ. उत्तरा साहू, कोषाध्यक्ष लव कुमार चौहान, उपाध्यक्ष विनय शुक्ला, संगठन सचिव जय कुमार राठौर, बसंत लाल रात्रे, शिवनंदन राजवाड़े, श्रीकांत भारिया, संतोष कर्ष, मुकेश कुमार, नर्मदा प्रसाद कंवर सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।