कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में सोमवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रतीक जैन ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
सीईओ प्रतीक जैन ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों का शीघ्र परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों का समयसीमा के भीतर पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, महतारी वंदन योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन), भूमि पर अवैध कब्जा, सीमांकन, नामांतरण, मानदेय शिक्षक भर्ती सहित विभिन्न राजस्व एवं विकास कार्यों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
सीईओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनदर्शन में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

