बालको के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने किया संयंत्र भ्रमण, आधुनिक तकनीक और विकास यात्रा देख हुए भावुक

कोरबा। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए विशेष संयंत्र भ्रमण का आयोजन किया। वर्षों तक कंपनी की प्रगति में योगदान देने वाले कर्मचारियों ने एक बार फिर अपने पुराने कार्यस्थल का दौरा किया। यह अवसर उनके लिए केवल एक भ्रमण नहीं, बल्कि पुरानी यादों को फिर से जीने का भावुक पल बन गया।

भ्रमण के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने स्मेल्टर, कास्ट हाउस, पावर प्लांट सहित विभिन्न उत्पादन इकाइयों का अवलोकन किया।

उन्होंने आधुनिक तकनीकों, डिजिटलीकरण, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ी हुई उत्पादन क्षमता को करीब से देखा।

कंपनी के प्रतिनिधि विजय बाजपेयी एवं प्रखर सिंह ने उन्हें बालको की वर्तमान उपलब्धियों, विस्तार योजनाओं और भविष्य की विकास रणनीति की जानकारी दी।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी की सफलता में पूर्व कर्मचारियों का योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों का पुनः स्वागत करना और उन्हें कंपनी की प्रगति का साक्षी बनाना बालको के लिए गर्व का विषय है। उनका समर्पण और अनुभव आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों बाद संयंत्र का दौरा करना उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वरूप में विकसित होते बालको को देखकर खुशी हुई और विश्वास है कि कंपनी भविष्य में भी औद्योगिक विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी।

पूर्व कर्मचारी रघुवर प्रसाद पटेल ने बताया कि जिस स्मेल्टर में कभी एक लाख टन उत्पादन होता था, आज वही संयंत्र 10 लाख टन उत्पादन क्षमता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बालको ने लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।

बसंत तिवारी ने कहा कि आज का बालको पहले से कहीं अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक बन चुका है। उन्होंने प्रबंधन से ऐसे संयंत्र भ्रमण कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित करने की अपेक्षा जताई।

वहीं सनत कुमार सोंधिया ने कहा कि बालको एक छोटे पौधे से विशाल बरगद का रूप ले चुका है। उन्होंने संयंत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित सुरक्षा प्रणालियों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षित कार्यस्थल के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता सराहनीय है।

बालको प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन कंपनी और उसके सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करते हैं। साथ ही अनुभव, ज्ञान और प्रेरणा के आदान-प्रदान के माध्यम से नई पीढ़ी को कंपनी की गौरवशाली विरासत से जोड़ने का कार्य भी करते हैं।