कोरबा पुलिस का सख्त अभियान: 947 वाहनों पर कार्रवाई, 8.79लाख से अधिक का समन शुल्क वसूला

नाबालिग वाहन चालकों, मॉडिफाइड बुलेट, नो-पार्किंग, ट्रिपल सवारी और भारी वाहनों पर चला विशेष अभियान

कोरबा। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, डीएसपी डी.के. सिंह के निर्देशन में एएसआई ईश्वरी लहरे, एएसआई मनोज राठौर, प्रधान आरक्षक संतोष और मनोज, मेहमान सहित पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध 47 मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई करते हुए 93 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं मॉडिफाइड बुलेट एवं साइलेंसर के खिलाफ विशेष कार्रवाई करते हुए 88 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई, जिन पर 5 लाख 38 हजार 400 रुपये का समन शुल्क न्यायालय के माध्यम से लगाया गया।

इसके अलावा सर्वमंगला चौक, भवानी मंदिर, ध्यानचंद चौक, जोड़ापुल और राताखार मार्ग सहित नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े ट्रक और ट्रेलरों पर भी सख्ती बरती गई। इस अभियान के तहत 792 ट्रेलरों पर लॉक लगाने की कार्रवाई करते हुए 2 लाख 37 हजार 600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर ट्रिपल सवारी करने वाले 20 मोटरसाइकिल चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई और उनसे 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

साथ ही आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई है।