कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ढाई वर्षीय मासूम की जान चली गई। खेलते-खेलते ट्रैक्टर पर चढ़े दो सगे भाइयों में से बड़े भाई द्वारा चाबी घुमाते ही ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया और पहिए की चपेट में आने से छोटे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार घटना वार्ड क्रमांक-20 स्थित पथरीपारा, नीलगिरी बस्ती की है, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण का कार्य चल रहा था। निर्माण सामग्री पहुंचाने के लिए ट्रैक्टर से ईंटें लाई गई थीं।
ट्रैक्टर चालक और हेल्पर ईंट उतारने में व्यस्त थे और इस दौरान ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा कर उसकी चाबी वाहन में ही लगी छोड़ दी गई।
वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह ने बताया कि ढाई वर्षीय मोहम्मद अब्दुल लतीफ और उसका पांच वर्षीय बड़ा भाई खेलते- खेलते ट्रैक्टर के पास पहुंच गए। बड़ा भाई ड्राइवर सीट पर बैठ गया और खेल-खेल में चाबी घुमा दी, जिससे ट्रैक्टर स्टार्ट होकर आगे बढ़ गया। उसी समय छोटा भाई ट्रैक्टर के पहिए के पास खड़ा था और वह वाहन की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल मासूम को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बड़ा भाई सुरक्षित बच गया।
सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी वंदना शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। मृतक की पहचान ढाई वर्षीय मोहम्मद अब्दुल लतीफ के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

