कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माचाडोली से 12 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर बांगो थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम माचाडोली निवासी प्रमिला पोर्ते ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका पुत्र विनोय कुमार पोर्ते (12 वर्ष 6 माह) सरस्वती शिशु मंदिर, माचाडोली में कक्षा आठवीं का छात्र है। 12 जुलाई की सुबह वह अपने साथियों के साथ बांगो डेम में नहाने गया था। इस दौरान उसके पिता ने उसे देखकर डांट-फटकार लगाई और अपने काम पर चले गए।
बताया गया कि दोपहर करीब 3:30 बजे विनोय बिना किसी को बताए घर से निकल गया। जानकारी के अनुसार वह गनपत बस में सवार होकर कटघोरा पहुंचा, जहां बस से उतरते समय उसने लोगों से बिलासपुर जाने की बात कही। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर बांगो थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
विनोय कुमार पोर्ते की लंबाई लगभग 4 फीट 3 इंच, रंग सांवला, शरीर दोहरा, चेहरा गोल तथा बाल छोटे और घुंघराले हैं। घटना के समय उसने हाफ टी-शर्ट, लोअर और पैरों में स्लीपर पहन रखी थी। वह हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलता है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को विनोय कुमार पोर्ते के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा बांगो थाना को सूचित करें, ताकि बालक को सकुशल परिजनों तक पहुंचाया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

