बाइक के उड़े परखच्चे, चालक वाहन सहित फरार; पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश
कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत कहरा नाला के पास रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक बाइक से कटघोरा की ओर से पसान जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के बाद फरार हाईवा चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
आसपास के क्षेत्रों में सूचना प्रसारित कर पुलिस उसकी खोजबीन कर रही है।
पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

