दिन में खरीद-भंडारण, रात के अंधेरे में बाहर भेजने का आरोप; कनकी-खिसोरा मार्ग का वीडियो सामने आया
कोरबा। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि दिन के उजाले में कबाड़ की खरीद और भंडारण के बाद इसे रात के अंधेरे में दूसरे जिले की ओर भेजने का तरीका अपनाया जा रहा है। इसी बीच गुरुवार देर रात कनकी-खिसोरा मार्ग से गुजर रहे एक ट्रक का वीडियो सामने आया है, जिसे लेकर जानकार सूत्र ने इसमें कबाड़ परिवहन किए जाने का दावा किया है।
सूत्र के मुताबिक, ट्रक में कबाड़ लोड कर उसे तिरपाल से ढक दिया गया था और देर रात जिले की सीमा से बाहर किसी बड़े कबाड़ी के पास खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। दावा है कि रात के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही और जांच-पड़ताल अपेक्षाकृत कम होने का फायदा उठाकर इस तरह के परिवहन को अंजाम दिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि अवैध कबाड़ कारोबार को लेकर पिछले दिनों हुई एक बड़ी बैठक के बाद कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियां फिर बढ़ने की तैयारी में हैं। सूत्रों का यह भी दावा है कि इस पूरे खेल में एक सिंडिकेट सक्रिय है, जो दिन में कबाड़ एकत्र करने से लेकर रात में उसके परिवहन तक की व्यवस्था करता है।
हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन में वास्तव में क्या सामग्री लदी थी, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
इसलिए वाहन में कबाड़ ही परिवहन किए जाने के दावे को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
पुलिस की सख्ती से बचने रात का सहारा?
कोरबा जिले में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस की सख्ती के बीच कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा अब निगरानी से बचने के नए तरीके अपनाए जाने की चर्चा है।
दिन के बजाय देर रात वाहनों के जरिए कबाड़ बाहर भेजे जाने का दावा भी इसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है।
अब सवाल यह है कि यदि रात के समय कबाड़ का अवैध परिवहन किया जा रहा है तो संबंधित मार्गों पर वाहनों की जांच और निगरानी कितनी प्रभावी है।सामने आए वीडियो के आधार पर पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा वाहन की जांच किए जाने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















