सूने मकान में लाखों की चोरी, दो बाइक, सोने के जेवर और नकदी ले उड़े

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सीएसईबी चौकी अंतर्गत एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए दो दोपहिया वाहन, सोने के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार गृहग्राम गया हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मकान मालिक घर में ताला लगाकर अपने गृहग्राम गई थी। घर की देखरेख के लिए उसने अपनी एक मित्र को चाबी सौंप रखी थी। इस दौरान उसके भाई और माता-पिता भी बिहार के औरंगाबाद जिले स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे।

बताया गया कि जब शिकायतकर्ता पटना जंक्शन पर थी, तभी उसकी मित्र ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी।

कोरबा लौटने पर उसने देखा कि मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी का लॉक भी टूटा मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था।

चोर घर से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक होंडा एक्टिवा स्कूटी, एक जोड़ी सोने की बालियां, एक सोने की चेन तथा नगदी चोरी कर ले गए। नगदी और जेवरों की कुल कीमत का आकलन परिजनों से जानकारी मिलने के बाद किया जाएगा।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।