जर्जर सड़क बनी बनिया पंचायत की चिंता, अगले महीने के राशन पर मंडराया संकट

बारिश से चोटिया-बनिया मार्ग बदहाल, पीडीएस वाहन की आवाजाही मुश्किल; ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की उठाई मांग

कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बनिया के ग्रामीणों के सामने अब अगले महीने के सरकारी राशन को लेकर चिंता खड़ी हो गई है। लगातार बारिश के कारण चोटिया से बनिया जाने वाली सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के वाहनों का गांव तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले बनी यह सड़क पहले से ही जर्जर थी, लेकिन हाल की मूसलाधार बारिश ने इसकी स्थिति और बदतर कर दी। कई स्थानों पर सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है, जबकि कई हिस्सों में मिट्टी का कटाव होने से मार्ग बेहद खतरनाक हो गया है। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण किसान भी अपने खेतों तक रासायनिक खाद और अन्य कृषि सामग्री पहुंचाने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेने को मजबूर हैं। इससे खेती-किसानी पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन ने जून माह में ही जून और जुलाई का राशन एक साथ वितरित कर दिया था, लेकिन अब अगस्त माह के राशन की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि गांव के अधिकांश परिवार सरकारी राशन पर निर्भर हैं। यदि पीडीएस वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाए तो गरीब परिवारों के सामने खाद्यान्न संकट खड़ा हो सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संभावित संकट को देखते हुए चोटिया-बनिया मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि राशन वितरण, कृषि कार्य और सामान्य आवागमन सुचारु रूप से जारी रह सके।

उनका कहना है कि समय रहते सड़क दुरुस्त नहीं हुई तो बरसात के पूरे मौसम में ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।