कोरबा। शहर के सुभाष ब्लॉक स्थित एनसीडीसी स्कूल में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने स्कूल के मुख्य द्वार के पास एक सांप देखा। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने वन विभाग को अवगत कराया, जिसके बाद अधिकृत रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद अभ्यर्थियों और स्कूल प्रबंधन ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार एनसीडीसी स्कूल में सूबेदार, उपनिरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर (प्रारंभिक) परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा केंद्र पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने के दौरान स्कूल गेट के पास सांप दिखाई देने से कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की अधिकृत रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे और सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। जांच में यह कॉमन वुल्फ (दण्ड करैत) प्रजाति का विषहीन सांप निकला। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
वन विभाग ने जारी की चेतावनी
इस घटना के बाद वन विभाग ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कथित सर्प रेस्क्यूरों की सूची को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश पर उपवनमंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी ने स्पष्ट किया कि वायरल सूची में शामिल व्यक्तियों को वन विभाग द्वारा किसी प्रकार की आधिकारिक मान्यता या अनुमति नहीं दी गई है।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सांप या किसी अन्य वन्यजीव के दिखाई देने पर केवल वन विभाग की अधिकृत रेस्क्यू टीम अथवा विभाग के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर पर ही सूचना दें। बिना प्रशिक्षण और विभागीय अनुमति के वन्यजीवों का रेस्क्यू करना न केवल कानून के विरुद्ध है, बल्कि इससे वन्यजीव और आम नागरिक दोनों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
वन विभाग ने लोगों से किसी भी भ्रामक संदेश या फर्जी सूची पर भरोसा नहीं करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल संबंधित वन परिक्षेत्र कार्यालय या कोरबा वन मंडल को देने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

