कलमीडुग्गू में तेज रफ्तार बस ने दुकानों को मारी टक्कर, आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई कर बस में की तोड़फोड़
कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के कलमीडुग्गू में शनिवार देर रात शराब के नशे में धुत एक बाराती बस चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार बस सड़क किनारे बनी गुमठी नुमा दुकानों में जा घुसी, जिससे कई दुकानों को नुकसान पहुंचा। घटना के समय दुकानें बंद होने से जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों और बारातियों ने चालक की पिटाई कर दी तथा बस में भी तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची दर्री पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात एक बारात लेकर जा रही बस का चालक कथित रूप से शराब के नशे में था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह बस को तेज गति से चला रहा था। बारातियों ने उसे कई बार सावधानी से वाहन चलाने की समझाइश दी, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी।
बताया जा रहा है कि जैसे ही बस दर्री थाना क्षेत्र के कलमी डुग्गू के पास पहुंची, अधिकांश बाराती बस से उतर गए।
इसके कुछ ही देर बाद चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे खड़ी गुमठी नुमा दुकानों में जा घुसी। टक्कर से कई दुकानों को नुकसान पहुंचा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को नशे की हालत में देखकर उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। गुस्साए लोगों ने बस के शीशे भी तोड़ दिए। सूचना पर पहुंची दर्री पुलिस ने चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया और दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार जब्त बस पर महिंद्रा लिखा है तथा नेम प्लेट पर गेवरा, कुसमुंडा और कोरबा अंकित है। बस का पंजीयन क्रमांक CG 10 BY 9200 बताया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घटना के समय दुकानदार अपनी दुकानों में मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

