कोरबा। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच उफनते नालों में बहने की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। एक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में मछली पकड़ने गए एक ग्रामीण का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका।
प्रशासन ने बरसात के दौरान नाले और नदी पार नहीं करने की अपील की है।
रामपुर क्षेत्र के डेंगुरनाला बस्ती में सोमवार सुबह 60 वर्षीय गोरे लाल अपनी पत्नी जान बाई के साथ बालको बस्ती से लौट रहे थे। घर पहुंचने के लिए दोनों डेंगुरनाला पार कर रहे थे, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए। तेज धारा में गोरे लाल बह गए, जबकि उनकी पत्नी ने साहस का परिचय देते हुए तैरकर अपनी जान बचा ली।
स्थानीय लोगों ने गोरे लाल को पानी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
दूसरी घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डिंडोलभाटा की है। यहां 52 वर्षीय बंधु लोहार सोमवार सुबह गांव के पास नाले में मछली पकड़ने गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद कटघोरा थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बंधु लोहार का कोई पता नहीं चल पाया है और खोज अभियान जारी है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि उफनते नालों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास न करें तथा अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

