कोरबा। नगर विधायक एवं प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन की पहल पर वेदांता बालको प्रबंधन ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) मद से 2 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत वाले 10 विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की है। इन कार्यों के माध्यम से कोरबा नगर निगम के विभिन्न वार्डों में सामुदायिक सुविधाओं और बुनियादी अधोसंरचना का विस्तार किया जाएगा।
मंत्री लखन लाल देवांगन के लगातार प्रयासों से राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं, जिला खनिज न्यास (DMF) और सीएसआर मद के माध्यम से विकास कार्यों को लगातार स्वीकृतियां मिल रही हैं। इसका लाभ अब शहर के विभिन्न वार्डों तक पहुंच रहा है और हर मोहल्ले में विकास कार्यों को गति मिल रही है।
स्वीकृत कार्यों में वार्ड 39 पाड़ीमार बालको में राठौर भवन के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये, वार्ड 41 में अंबेडकर चौक के पास सामुदायिक भवन हेतु 10 लाख रुपये, वार्ड 18 कोहड़िया में मां भवानी मंदिर कौशिल्या धाम के पास बाउंड्रीवाल एवं विस्तार कार्य के लिए 20 लाख रुपये, तथा वार्ड 16 पंपहाउस झोपड़ीपारा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार वार्ड 42 में मिश्रा तालाब से सर्वमंगला चौक तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण के लिए 20 लाख रुपये, वार्ड 46 में सुखसागर से हाईस्कूल तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण के लिए 27 लाख रुपये, वार्ड 20 में नाली निर्माण के लिए 25 लाख रुपये, वार्ड 17 ढोढ़ीपारा में विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये, वार्ड 31 राजेंद्र प्रसाद नगर में सड़क, स्टोर रूम नवीनीकरण एवं विस्तार कार्य हेतु 25 लाख रुपये तथा वार्ड 52 अयोध्यापुरी में सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन निर्माण के लिए 40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















