सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, ब्लैक स्पॉट खत्म करने और ट्रैफिक नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश

कलेक्टर-एसपी ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

कोरबा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने ब्लैक स्पॉट खत्म करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभागीय समन्वय, सतत निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी लंबित कार्य प्राथमिकता के साथ पूरा करने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सड़क किनारे झाड़ियों की नियमित सफाई, अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त रोड शोल्डर की मरम्मत, चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के खतरनाक मोड़ों और चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर क्रैश बैरियर, रंबल स्ट्रिप और अन्य सुरक्षा कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

लोनिवि को नोटिस, लंबित कार्यों पर नाराजगी

बैठक में भैंसमा स्कूल-सकती मोड़, बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज-बजरंग चौक मार्ग, दीपका-झाबर रोड और दीपका थाना चौक सहित विभिन्न स्थानों पर सड़क निर्माण एवं सुरक्षा कार्यों में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने तथा सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

ड्रंक एंड ड्राइव पर विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट वाहन, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर भी विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जिले में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल,एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, ओएसडी तरुण कुमार किरण, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।