टीपी नगर मार्ग पर खड़े लोडर बने मुसीबत, कार्रवाई का इंतजार कर रहे राहगीर

कोरबा। टीपी नगर चौक से एसईसीएल कॉलोनी जाने वाले मुख्य मार्ग पर जायसवाल पेट्रोल पंप के समीप लंबे समय से खड़े दो लोडर वाहन राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। व्यस्त मार्ग पर इन वाहनों के खड़े रहने से आए दिन यातायात बाधित हो रहा है, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। सड़क किनारे खड़े लोडरों के कारण दुपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने में काफी दिक्कत होती है, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि संबंधित वाहनों को लंबे समय से नहीं हटाया गया है, जिससे मार्ग की चौड़ाई कम हो गई है और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

लोगों ने ट्रैफिक पुलिस से मांग की है कि या तो वाहन मालिकों को तत्काल वाहन हटाने के निर्देश दिए जाएं या नियमानुसार कार्रवाई कर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।