आरएसएस नगर-दादर मार्ग बना जानलेवा, गड्ढों में तब्दील सड़क से रोज हादसों का खतरा

कोरबा। शहर के आरएसएस नगर से दादर नाला होते हुए मुख्य बस्ती तक जाने वाली सड़क इन दिनों अपनी बदहाली के कारण लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से यह मार्ग अब दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। बारिश के चलते गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों और राहगीरों के लिए सड़क और गड्ढे में फर्क करना मुश्किल हो गया है, जिससे हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की स्थिति पिछले कई महीनों से लगातार खराब होती जा रही थी। नागरिकों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से कई बार मरम्मत की मांग की थी तथा बारिश से पहले सड़क दुरुस्त कराने की अपील भी की थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर कोई ठोस पहल नहीं की।

लगातार भारी वाहनों की आवाजाही और रखरखाव के अभाव में दादर नाला के आगे का हिस्सा पूरी तरह उखड़ चुका है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर घायल हो रहे हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले शहर की विभिन्न सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए भूमिपूजन किया गया था।

इस मार्ग के सुधार का भी आश्वासन दिया गया था,लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।इसका खामियाजा आरएसएस नगर, दादर और आसपास के हजारों नागरिकों को रोज भुगतना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों को भरने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।