तिलकेजा सहकारी समिति पहुंचे कलेक्टर, खाद-बीज व्यवस्था का लिया जायजा

कोरबा।कलेक्टर कुणाल दुदावत ने करतला विकासखंड अंतर्गत तिलकेजा सहकारी समिति का निरीक्षण कर किसानों के लिए उपलब्ध खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदानों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने समिति प्रबंधक से खाद-बीज के स्टॉक, नैनो उर्वरकों के वितरण तथा समिति से जुड़े किसानों की संख्या की जानकारी लेते हुए आवश्यक कृषि सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और खाद-बीज वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्हें समय पर बिना किसी परेशानी के खाद, बीज एवं अन्य आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इस पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त करते हुए किसानों से शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत समिति परिसर में आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने आंवला का पौधारोपण किया।

निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।