रामपुर कॉलेज भवन का निरीक्षण, कलेक्टर ने गुणवत्ता और समयसीमा में निर्माण के दिए निर्देश

आंगनबाड़ी केंद्र का भी लिया जायजा, बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

कोरबा। करतला विकासखंड के रामपुर में निर्माणाधीन शासकीय महाविद्यालय भवन का शुक्रवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी लेते हुए भवन निर्माण को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य में अपेक्षित गति नहीं होने पर मैनपावर बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण अप्रैल 2027 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।

प्रवास के दौरान कलेक्टर ने मुख्य मार्ग स्थित बनियापारा नोनबिर्रा के नवीन आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने केंद्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, बच्चों के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा संचालन व्यवस्था का अवलोकन किया।

संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।