गेवरा,दीपकाऔर कुसमुंडा परियोजनाओं का महत्वपूर्ण योगदान, जून में भी उत्पादन और प्रेषण के नए रिकॉर्ड बने
कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में कोयला उत्पादन, प्रेषण और ओवरबर्डन रिमूवल (ओबीआर) के क्षेत्र में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने इस अवधि में 44.10 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया, जिसमें अकेले कोरबा जिले की खदानों का योगदान 31.28 मिलियन टन रहा।
एसईसीएल को चालू वित्तीय वर्ष में 195 मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य मिला है। पहली तिमाही में 49.59 मिलियन टन उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके मुकाबले कंपनी ने 44.10 मिलियन टन उत्पादन किया।
इसमें गेवरा, दीपका और कुसमुंडा मेगा परियोजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गेवरा क्षेत्र ने 10.48 मिलियन टन, दीपका क्षेत्र ने 10.24 मिलियन टन तथा कुसमुंडा क्षेत्र ने 8.73 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया। वहीं कोरबा क्षेत्र ने 1.83 मिलियन टन उत्पादन कर कुल उपलब्धि में योगदान दिया।
खास बात यह रही कि कुसमुंडा क्षेत्र ने पिछले वित्तीय वर्ष के अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन से उबरते हुए उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया।
कोयले के पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए एसईसीएल ने फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी (एफएमसी) प्रणाली के जरिए पहली तिमाही में 19.58 मिलियन टन कोयले का प्रेषण किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19.7 प्रतिशत अधिक है। एफएमसी आधारित साइलो लोडिंग प्रणाली से तेज, स्वच्छ और धूलरहित परिवहन सुनिश्चित हो रहा है।
पहली तिमाही में कंपनी ने 48.79 मिलियन टन कोयला प्रेषण कर पिछले वर्ष की तुलना में 5.29 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की। वहीं 99.36 मिलियन घन मीटर ओवरबर्डन रिमूवल कर 5.62 प्रतिशत की बढ़ोतरी हासिल की गई।
जून में बना नया रिकॉर्ड
जून माह एसईसीएल के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। कंपनी ने एक महीने में अब तक का सर्वाधिक कोयला उत्पादन और प्रेषण दर्ज किया। साथ ही 34.05 मिलियन घन मीटर ओवरबर्डन रिमूवल कर नया रिकॉर्ड बनाया, जो निर्धारित लक्ष्य से लगभग 10 प्रतिशत अधिक और जून 2025 की तुलना में 17.3 प्रतिशत ज्यादा रहा।
एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि पहली तिमाही का यह रिकॉर्ड प्रदर्शन कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और परिचालन उत्कृष्टता का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि मानसून को देखते हुए सभी खदानों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि देश की ऊर्जा जरूरतों के लिए निर्बाध कोयला आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















