दीपका से चार प्रमुख मार्गों पर बस सेवा शुरू करने की मांग

पार्षद अरुणीश तिवारी ने कलेक्टर को सौंपा पत्र

कोरबा।दीपका क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठी है। नगर पालिका परिषद दीपका के वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ने जिला कलेक्टर को पत्र सौंपकर दीपका से कोरबा, कटघोरा, पाली और बलौदा बाजार के लिए नियमित सिटी बस अथवा यात्री बस सेवा शुरू करने की मांग की है।

पार्षद ने पत्र में कहा है कि दीपका और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी आबादी निवास करती है। हजारों लोग रोजाना रोजगार, शिक्षा, कारोबार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए अलग-अलग शहरों व कस्बों में आवागमन करते हैं। पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा नहीं होने से लोगों को निजी वाहनों या सीमित यात्री साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि दीपका क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रमिक, कर्मचारी और विद्यार्थी रहते हैं, जिनका रोजाना कोरबा, कटघोरा, पाली सहित अन्य क्षेत्रों में आना-जाना होता है।

नियमित बस सेवा शुरू होने से समय और परिवहन खर्च दोनों में राहत मिलेगी।

ग्रामीण क्षेत्रों को भी मिलेगा फायदा
अरुणीश तिवारी के मुताबिक दीपका से नियमित बसों का संचालन केवल नगरवासियों के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए भी उपयोगी होगा। विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने, कर्मचारियों को कार्यस्थल और श्रमिकों को रोजगार स्थल तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि दीपका से बस सेवा शुरू करने की मांग पहले भी प्रशासन के समक्ष रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिला प्रशासन से संबंधित विभाग और परिवहन संचालकों के साथ समन्वय कर जल्द आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।