कोरबा। हसदेव नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध मां सर्वमंगला देवी मंदिर में शारदीय क्वांर नवरात्र पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को रंग-रोगन कर आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन ने आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। नवरात्र के दौरान देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर में सर्वमनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलन की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
11 अक्टूबर से शुरू होगा नवरात्र पर्व
मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महाराज) ने बताया कि शारदीय क्वांर नवरात्र पर्व 11 अक्टूबर 2026, रविवार से प्रारंभ होगा। इस दौरान श्रद्धालु अपनी मनोकामना के लिए ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करा सकेंगे। तैल्य ज्योति कलश के लिए 901 रुपये और घृत ज्योति कलश के लिए 2100 रुपये निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालुओं को निर्धारित राशि जमा कर रसीद प्राप्त करनी होगी।
18 अक्टूबर को पूर्णाहुति, 19 को जवारा विसर्जन
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, सर्वमनोकामना ज्योति कलश का हवन, पूर्णाहुति, सहस्त्रधारा, कपिलातर्पण, सजीयादान, ब्राह्मण भोज और कन्या भोज 18 अक्टूबर 2026, रविवार को संपन्न होगा। वहीं, जवारा कलश विसर्जन 19 अक्टूबर, सोमवार को शाम 5 बजे किया जाएगा। इन धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालु शामिल होकर मां सर्वमंगला की आराधना करेंगे।
प्रतिदिन होगी मंगल आरती और भोग
नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का क्रम जारी रहेगा। मां सर्वमंगला की मंगल आरती प्रतिदिन सुबह और शाम 7 बजे होगी। मां का मंगल श्रृंगार सुबह 5 बजे तथा भोग-प्रसाद दोपहर 12 बजे अर्पित किया जाएगा। मंदिर परिसर में प्रतिदिन भजन-कीर्तन और माता के जसगीत अखंड रूप से चलते रहेंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
सुबह-शाम भंडारे की व्यवस्था
नवरात्र पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में सुबह और शाम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर प्रबंधन ने परिसर के आसपास दुकान लगाने के इच्छुक व्यापारियों को भी आमंत्रित किया है। इच्छुक व्यापारी पुजारी या प्रबंधक से संपर्क कर सकते हैं। वहीं, ज्योति कलश का प्रसाद मंदिर परिसर स्थित कार्यालय से प्राप्त किया जा सकेगा।
नवरात्र पर्व को लेकर मां सर्वमंगला मंदिर में तैयारियां पूरी होने के साथ ही श्रद्धालुओं के आगमन का इंतजार है।
पूजा-अर्चना, ज्योति कलश प्रज्ज्वलन, भजन-कीर्तन और भंडारे के आयोजनों के बीच मंदिर में नौ दिनों तक भक्तिमय माहौल रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















