नए थाना प्रभारी की सख्ती, चौक-चौराहों पर लगातार चलाया जा रहा वाहन जांच अभियान
कोरबा। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से हरदीबाजार पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं सीएसपी दर्री के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आशीष सिंह के नेतृत्व में चौक-चौराहों पर लगातार वाहन जांच की जा रही है।
अंबेडकर चौक हरदीबाजार में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने, मादक पदार्थ या शराब के सेवन के बाद वाहन चलाने, बिना हेलमेट बाइक चलाने तथा बिना सीट बेल्ट कार चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों को समझाइश देने के साथ नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी की।
थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीन सवारी, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा हेलमेट के बिना बाइक चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान एसआई प्रदीप दीवान, एएसआई विजय सिंह, प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश बैस सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

