ढेलवाडीह सब स्टेशन का ट्रांसफार्मर ओवरलोड, दो दिन से बिजली गुल; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
कोरबा।ढेलवाडीह विद्युत उपकेंद्र में स्थापित ट्रांसफार्मर में ओवरलोड के कारण तेल रिसाव होने से पिछले दो दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित है। लगातार बिजली बंद रहने से क्षेत्र के कई गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
बिजली आपूर्ति ठप होने का सबसे अधिक असर ग्राम जवाली सहित डोंगरी, तिलवारी, बसंतपुर, मुढाली, बढ़ाईमार, रॉयल, चाकाबुड़ा, बुंदेली, सिंघाली, कसाईपाली समेत आसपास के कई गांवों पर पड़ा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को पेयजल के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
ग्राम जवाली के पटेल कॉम्प्लेक्स में स्थानीय लोगों ने जनरेटर की मदद से करीब दो घंटे तक पानी की व्यवस्था कराई, जहां पानी भरने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं नदियापार और मुराई कछार क्षेत्र के दर्जनों परिवार भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।
लगातार बिजली गुल रहने से घरेलू कार्यों के साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई, कृषि कार्य, छोटे व्यापार और ऑनलाइन खाद, धान एवं बीज बिक्री का काम भी प्रभावित हुआ है। मोबाइल फोन चार्ज नहीं होने से संचार व्यवस्था पर भी असर पड़ा है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर में तेल रिसाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसके कारण बार-बार तकनीकी खराबियां सामने आती हैं। उन्होंने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर की तत्काल मरम्मत या आवश्यक होने पर नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

