दुकान में सामान लेने गया था चालक, बाहर खड़ी स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त
कोरबा। कोरबा-पश्चिम क्षेत्र के कुसमुंडा स्थित इमलीछापर चौक पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। एक 14 चक्का ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कूटी चालक बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति अपनी स्कूटी जनरल स्टोर के सामने खड़ी कर सामान लेने दुकान के भीतर गया हुआ था। इसी दौरान इमलीछापर चौक से गुजर रहा एक 14 चक्का ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहुंच गया और वहां खड़ी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय चालक दुकान के अंदर मौजूद था, जिससे उसकी जान बच गई। यदि वह स्कूटी के पास खड़ा होता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर चिंता जताते हुए चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की है।
हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इससे एक बार फिर व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों के संचालन और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

