लुटेरों की बाइक और देशी कट्टा बरामद, कटघोरा क्षेत्र में नाकाबंदी
कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुरीकला मुख्य मार्ग स्थित राज ज्वेलर्स में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। तीन बदमाशों ने दुकान में घुसकर पहले ग्राहक बनकर गहने देखने की बात की और फिर मिर्च पाउडर छिड़ककर तथा चाकू से हमला कर लूट की कोशिश करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:30 बजे प्लैटिना मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक राज ज्वेलर्स पहुंचे। उन्होंने दुकान में प्रवेश कर सोने-चांदी के गहने दिखाने को कहा। इसी दौरान उन्होंने कुछ जेवरात अपने कब्जे में लेकर भागने का प्रयास किया। उनकी संदिग्ध हरकतों को देखकर दुकान संचालक और कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। एक आरोपी ने चाकू से हमला किया, जबकि दूसरे ने दांत से काटकर कर्मचारियों को घायल कर दिया।
इसके बाद तीनों बदमाश दुकान से निकलकर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शोर-शराबा सुनकर आसपास के व्यापारी भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे हाथ आए कुछ जेवरात लेकर भागने में सफल हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों के पास मौजूद कुछ गहने असली और कुछ आर्टिफिशियल थे।

घटनास्थल से पुलिस ने आरोपियों की बिना नंबर की प्लैटिना मोटरसाइकिल तथा दुकान के काउंटर पर छोड़ा गया देशी कट्टा बरामद किया है। सूचना मिलते ही टीआई एम.बी. पटेल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में घटना को लेकर आक्रोश और चिंता देखी जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में क्षेत्रभर में नाकाबंदी कर दी है तथा बरामद बाइक और हथियार के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

