छत्तीसगढ़ ठेकेदार संघ का आह्वान, प्रदेशभर के ठेकेदार रायपुर में होंगे एकजुट
रायपुर/कोरबा। जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यरत ठेकेदारों ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ आंदोलन का ऐलान कर दिया है।
छत्तीसगढ़ ठेकेदार संघ के बैनर तले प्रदेशभर के ठेकेदार 6 जुलाई को रायपुर स्थित नीर भवन का घेराव करेंगे और अपनी मांगों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे।
संघ द्वारा जारी अपील में आरोप लगाया गया है कि पीएचई विभाग द्वारा अनुबंध और समझौतों में शामिल नहीं की गई शर्तों को जबरन लागू किया जा रहा है, जिससे ठेकेदारों को आर्थिक और प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित भुगतान के कारण कई ठेकेदार गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहे हैं।
ठेकेदार संघ का कहना है कि भुगतान में लगातार हो रही देरी और विभागीय दबाव के कारण अनेक ठेकेदार मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। संघ ने दावा किया कि ऐसी परिस्थितियों के चलते कई दुखद घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे ठेकेदारों में भारी नाराजगी है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि समय पर भुगतान, विभागीय मनमानी पर रोक और ठेकेदारों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए अब सामूहिक संघर्ष जरूरी हो गया है। इसी उद्देश्य से 6 जुलाई को सुबह 11 बजे रायपुर स्थित नीर भवन के सामने प्रदर्शन आयोजित किया गया है।
छत्तीसगढ़ ठेकेदार संघ ने प्रदेश के सभी जल जीवन मिशन से जुड़े ठेकेदारों से आंदोलन में शामिल होकर अपनी एकजुटता दिखाने और प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

