एसईसीएल के बिरंची दास को एमसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) का अतिरिक्त प्रभार

कोरबा। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय ने केंद्रीय कोयला मंत्री की स्वीकृति से एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास को महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अतिरिक्त जिम्मेदारी 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी और छह माह अथवा नियमित निदेशक (मानव संसाधन) की नियुक्ति तक, जो भी पहले हो, लागू रहेगी।

बिरंची दास ने 20 मार्च 2024 को एसईसीएल में निदेशक (मानव संसाधन) का कार्यभार ग्रहण किया था। लगभग तीन दशक के व्यापक अनुभव वाले श्री दास मानव संसाधन प्रबंधन, औद्योगिक संबंध, कर्मचारी कल्याण तथा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के क्षेत्र में अपनी प्रभावी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।

उनके नेतृत्व में एसईसीएल ने कई महत्वपूर्ण पहलें की हैं।

विशेष रूप से ‘एसईसीएल की धड़कन’ परियोजना के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 300 बच्चों की सफल हृदय शल्य चिकित्सा कराई जा चुकी है, जिसे कंपनी की सबसे उल्लेखनीय सामाजिक पहल माना जा रहा है।

कोयला मंत्रालय के इस निर्णय को बिरंची दास के अनुभव, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट कार्यों की मान्यता के रूप में देखा जा रहा है। एमसीएल की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने से कोल इंडिया की दोनों प्रमुख कंपनियों के मानव संसाधन प्रबंधन में उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।