लाठी से वार कर मां की ली जान, पिता का पैर तोड़ा; आरोपी गिरफ्तार
कोरबा।उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चीतापाली में जमीन- जायदाद के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। संपत्ति का बंटवारा करने से इनकार करने पर एक दिव्यांग बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी और पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चीतापाली निवासी श्यामलाल यादव के दो पुत्र हैं। छोटा पुत्र रामकुमार यादव दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। वह लंबे समय से पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे की मांग कर रहा था। घर में माता-पिता और रामकुमार ही रहते थे, जबकि बड़ा पुत्र परिवार सहित अलग निवास करता है।
बताया गया कि शुक्रवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच रामकुमार ने एक बार फिर जमीन-जायदाद के बंटवारे की बात उठाई। माता जानकुंवर यादव और पिता श्यामलाल यादव ने फिलहाल बंटवारा करने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर रामकुमार ने अपने सहारे की लाठी से मां के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से जानकुंवर की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने अपने पिता पर भी हमला कर दिया। लाठी से किए गए हमले में श्यामलाल यादव का पैर टूट गया, वहीं शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से फरार हो गया।
रातभर मृतका का शव घर में पड़ा रहा। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर उरगा थाना प्रभारी एसआई नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया।
मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल पिता का उपचार जारी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी अपने माता-पिता के साथ मारपीट कर चुका था। मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से ग्राम चीतापाली में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जमीन-जायदाद के विवाद ने एक बेटे को अपनी ही मां का हत्यारा बना दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

