पूर्व प्रशिक्षणार्थियों की सफलता को सराहा, आत्मनिर्भरता का दिया संदेश
कोरबा। जन शिक्षण संस्थान, कोरबा परिसर में एमएसएमई दिवस उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर उन पूर्व प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अपना स्वयं का उद्यम स्थापित कर स्वरोजगार की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक ने की। उन्होंने कहा कि कौशल विकास और उद्यमिता के माध्यम से युवा न केवल आत्मनिर्भर बन रहे हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं। ऐसे सफल उद्यमी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
निदेशक ने सम्मानित हितग्राहियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि जन शिक्षण संस्थान का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना भी है। कार्यक्रम में संस्थान की पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सावित्री जेना, तृष्या मोहंती, लक्ष्मी चटर्जी, विजयलक्ष्मी महंत, सुनीता राठौर, अंजू बनर्जी, सत्या श्रीवास, प्रिया गवेल, किशोर महंत, नरेंद्र साहू, उमेश, ओमकार गुप्ता और रुख्मणि यादव सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमिता, स्वरोजगार और लघु उद्योगों के महत्व पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसके माध्यम से रोजगार सृजन एवं आर्थिक विकास को नई गति मिल रही है। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना के साथ हुआ।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

