दो ट्रेलरों की भीषण भिड़ंत चालक की मौत, केबिन में फंसा शव रेस्क्यू कर निकाला; फरार चालक की तलाश जारी

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूमोड़ के पास शुक्रवार सुबह दो ट्रेलरों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि एक ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बाहर निकाला।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेलर विपरीत दिशा से आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेलरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक चालक केबिन में फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कटर मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने मृतक की पहचान कर उसके परिजनों और वाहन मालिक को सूचना दे दी है। वहीं हादसे के बाद दूसरा ट्रेलर चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

फरार चालक पर दर्ज होगा मामला
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर फरार चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

कटघोरा पुलिस ने बताया कि फरार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और हिट एंड रन सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर मालिक और चालक की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।