सदस्यता नियमों की सख्ती, फ्री-होल्ड की दिशा में पहल और विभिन्न समितियों का गठन
रायपुर। राजधानी पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति (मीडिया सिटी) के संचालक मंडल की बैठक अध्यक्ष प्रेम पाठक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समिति के संचालन, सदस्यता, कानूनी प्रावधानों और भविष्य की योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद मोहन ठाकुर को समिति का विधिक सलाहकार नियुक्त किया गया। उन्होंने सदस्यों को सहकारिता अधिनियम, नियमों और उपनियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मीडिया सिटी को शासन द्वारा रियायती दर पर भूमि आवंटित किए जाने के कारण सभी वैधानिक प्रावधानों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है।
एक परिवार को मिलेगा केवल एक भूखंड
विधिक सलाह के अनुसार मीडिया सिटी में भूखंड प्राप्त करने के लिए सदस्यता लेना और शपथ पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। शपथ पत्र में यह उल्लेख करना होगा कि परिवार के किसी अन्य सदस्य के नाम पर मीडिया सिटी में भूखंड नहीं है। एक परिवार से केवल एक व्यक्ति ही सदस्य बन सकेगा और एक से अधिक भूखंड पाए जाने पर संबंधित रजिस्ट्री शून्य घोषित की जा सकती है।
एनओसी और दस्तावेज जमा करना होगा अनिवार्य
संचालक मंडल ने अप्रैल 2022 के बाद रजिस्ट्री कराने वाले सभी सदस्यों से सदस्यता आवेदन, शपथ पत्र, रजिस्ट्री और एनओसी की प्रतियां 15 दिनों के भीतर समिति कार्यालय में जमा कराने का निर्णय लिया है। समिति ने स्पष्ट किया कि केवल रजिस्ट्री कराने से कोई व्यक्ति सदस्य नहीं बनता, बल्कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है।
फ्री-होल्ड कराने के लिए होगी पहल
बैठक में बताया गया कि मीडिया सिटी की भूमि की लीज वर्ष 2036 तक है। भूखंडों को फ्री-होल्ड कराने के लिए संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों से चर्चा कर समाधान निकालने का निर्णय लिया गया।
विभिन्न समितियों का गठन
मीडिया सिटी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। इनमें सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, बिजली, कम्युनिटी हॉल और शिवालय मंदिर की व्यवस्था के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए। समिति ने सदस्यों से किसी भी समस्या अथवा अनुमति संबंधी विषय पर संबंधित प्रभारियों से संपर्क करने का आग्रह किया।
विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए
संचालक मंडल के विस्तार के तहत वरिष्ठ सदस्यों अशोक साहू, राजेश मिश्रा और भोलाराम सिन्हा को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में समिति की आय-व्यय, वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट, रोकड़ बही और बैंक स्टेटमेंट की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रेम पाठक सहित संचालक मंडल के सदस्य सुशील अग्रवाल, चंदन साहू, संजीव वर्मा, संजय शुक्ला, कृष्णा गोस्वामी, संतोष साहू, दानसिंह देवांगन एवं निवेदिता चक्रवर्ती उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

