“सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत ग्रामीणों को किया जागरूक

चौकी प्रभारी ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर नशामुक्त समाज बनाने की अपील की

कोरबा। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संचालित “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत रजगामार चौकी पुलिस द्वारा नशे और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने ग्राम बुंदेली पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक की और नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया।

बैठक में चौकी प्रभारी ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। इससे आर्थिक स्थिति कमजोर होती है, बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है और अपराधों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने ग्रामीणों से नशामुक्त जीवन अपनाने तथा स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने युवाओं को खेल, शिक्षा और रोजगार से जुड़कर नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही गांव और आसपास अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, शराब निर्माण या अन्य नशीली गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। पुलिस ने आश्वस्त किया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कोटवार ने मुनादी कर दी चेतावनी
कार्यक्रम के दौरान ग्राम कोटवार ने मुनादी कर ग्रामीणों को चेतावनी दी कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या निर्माण में संलिप्त पाए जाने पर आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में रजगामार चौकी पुलिस ने बुंदेली क्षेत्र में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया था।

जनसहभागिता से ही बनेगा नशामुक्त समाज
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता पैदा करना भी है। जनसहभागिता के बिना नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करना संभव नहीं है।

चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से कोरबा को नशामुक्त बनाया जा सकता है।