कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के श्रद्धा महिला मंडल एवं मानव संसाधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय नारी राग-रंग महोत्सव का शुभारंभ हसदेव क्षेत्र स्थित वसुंधरा क्लब में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। महोत्सव में महिला अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने महिलाओं की रचनात्मकता, कला, संस्कृति और बहुआयामी प्रतिभा को मंच प्रदान करने वाले ऐसे आयोजनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को अपनी क्षमताओं के प्रदर्शन के साथ आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति का अवसर भी उपलब्ध कराते हैं।
महोत्सव के प्रथम दिन विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने मेहंदी, आर्ट एंड क्राफ्ट, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, पेंटिंग, ड्राइंग, रंगोली, मोनो एक्ट, एंकरिंग, मिमिक्री, स्टैंड-अप कॉमेडी, नाटक और एकल गीत जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में महिलाओं और युवतियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। रंगों, कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरे आयोजन स्थल में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
आयोजकों ने बताया कि नारी राग-रंग महोत्सव-2026 का आयोजन एसईसीएल के सभी संचालन क्षेत्रों में किया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को अंतिम चरण में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
यह महोत्सव महिलाओं की सृजनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

