जंगलों में आगजनी की घटनाओं में 46 फीसदी आई गिरावट,वन विभाग की प्रभावी रणनीति कामयाब

सैटेलाइट अलर्ट और सतत निगरानी से वन संपदा की सुरक्षा हुई मजबूत

कोरबा। कोरबा वनमंडल ने वर्ष 2026 के वन अग्नि सीजन में वन संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वन विभाग के समन्वित प्रयासों और प्रभावी अग्नि प्रबंधन रणनीति के चलते जंगलों में आग लगने की घटनाओं में 46 प्रतिशत से अधिक की कमी दर्ज की गई है।

वन विभाग के अनुसार 16 फरवरी से 15 जून 2026 तक चले अग्नि सीजन में कोरबा वनमंडल के अंतर्गत कुल 219 वनाग्नि की घटनाएं दर्ज हुईं, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 404 थी। इस प्रकार वनाग्नि की घटनाओं में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज कर वन संपदा की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की गई।

एसडीओ फॉरेस्ट सूर्यकांत सोनी ने बताया कि वन विभाग द्वारा संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। छह वन परिक्षेत्रों में मैदानी अमले के साथ वन सुरक्षा समितियों और संयुक्त वन प्रबंधन समितियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। समय रहते आग की घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई थी।


सैटेलाइट अलर्ट सिस्टम बना प्रभावी हथियार
वन विभाग ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के मोबाइल नंबरों को सैटेलाइट आधारित अलर्ट सिस्टम से जोड़ा। जैसे ही किसी क्षेत्र में वनाग्नि की सूचना प्राप्त होती थी, संबंधित लोगों को तत्काल एसएमएस के माध्यम से अलर्ट भेजा जाता था, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी।

24 घंटे निगरानी और विशेष टीमों की तैनाती
वन क्षेत्रों में चौबीसों घंटे गश्त, सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने आग की घटनाओं को रोकने और नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभागीय कर्मचारियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से वन संरक्षण अभियान को सफल बनाया गया।

वन विभाग का मानना है कि इस वर्ष अपनाई गई रणनीतियां और तकनीकी उपाय भविष्य में भी वनाग्नि नियंत्रण के लिए प्रभावी साबित होंगे तथा जंगलों और वन्य संपदा की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करेंगे।