प्रदेश की पहली “ईट राइट क्लीन स्ट्रीट हब” बनी घंटाघर चौपाटी, FSSAI ने दी मान्यता
कोरबा। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में कोरबा जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा घंटाघर में विकसित चटकारा चौपाटी को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने छत्तीसगढ़ का पहला “ईट राइट क्लीन स्ट्रीट हब” घोषित किया है। इस मान्यता के साथ कोरबा ने प्रदेश में सुरक्षित और स्वच्छ स्ट्रीट फूड उपलब्ध कराने के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
घंटाघर स्थित चौपाटी में 40 से अधिक स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों से इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे थे। विक्रेताओं को एक स्थान पर व्यवस्थित करने के साथ उन्हें फूड लाइसेंस उपलब्ध कराए गए तथा स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया।
विक्रेताओं को एप्रन, हैंडवॉश, नेपकिन और डस्टबिन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर स्वच्छ खाद्य व्यवस्था सुनिश्चित की गई। मान्यता प्रदान करने से पहले भारत सरकार द्वारा अधिकृत थर्ड पार्टी एजेंसी ने चौपाटी का प्री-ऑडिट और पोस्ट-ऑडिट किया, जिसमें सभी निर्धारित मानकों का सफलतापूर्वक पालन पाया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ स्ट्रीट फूड उपलब्ध कराना है। चटकारा चौपाटी को मिली यह राष्ट्रीय मान्यता न केवल कोरबा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है और प्रदेश के अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
