581 यूनिट रक्तदान और 1000 पौधरोपण कर कर्मचारियों ने दिया समाजसेवा का संदेश
कोरबा। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के 64वें जन्मदिवस के अवसर पर कोरबा पावर लिमिटेड (केपीएल) में विशाल रक्तदान शिविर और पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिलासा ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित इस अभियान में कर्मचारियों, अधिकारियों और ठेका श्रमिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान 581 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, वहीं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ 1000 पौधों का रोपण भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ केपीएल के चीफ बिजनेस ऑफिसर समीर कुमार मित्रा एवं परियोजना प्रमुख सी.वी. के प्रसाद ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के जन्मदिवस पर केक काटकर उनके दीर्घायु और समूह की निरंतर प्रगति की कामना की गई।
रक्तदान शिविर में 700 से अधिक लोगों ने भागीदारी निभाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समीर कुमार मित्रा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय दान है और जरूरतमंद मरीजों के लिए यह जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
शिविर के सफल संचालन में बिलासा ब्लड बैंक औरकेपीएल के चिकित्सकों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान डॉ. मिथिलेश प्रसाद, डॉ. सोमेंन सिंह, डॉ. आयुष गुप्ता एवं डॉ. राज नंदिनी साहा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। वहीं आयोजन को सफल बनाने में स्वरज गौतम, सोनल परिजात दुबे और पूजा साहू का भी विशेष योगदान रहा।
अदाणी फाउंडेशन और मानव संसाधन विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम को सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। आयोजकों ने आमजन से भी रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
