सोन नदी से रेत लेकर लौट रहे थे युवक, दो गंभीर घायल, जांच में जुटी पुलिस
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शिवकुमार पटेल, अमित कुमार और अन्य युवक प्रतिबंध के बावजूद सोन नदी से ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरकर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम जर्वे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में सभी घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं ट्रैक्टर चालक अमित कुमार सहित एक अन्य घायल का उपचार जारी है। घटना के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साथ ही ट्रैक्टर मालिक और अवैध रेत परिवहन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। घटना ने एक बार फिर अवैध खनन और रेत परिवहन से जुड़े जोखिमों को उजागर कर दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

